Friday, October 18News That Matters

सिलवासा के आमली 66 केवीए रोड पर फोरक्लिप से मशीन गिरने से श्रमिक की मौत

सिलवासा के आमली क्षेत्र के ६६ केवीए रोड पर फोरक्लिप से मशीन श्रमिक के ऊपर गिरने से श्रमिक की मौत हो गई है। लियो प्लास्टिक प्रोडक्ट्स नाम की कंपनी से मशीन को फोरक्लिप पर लाद कर दूसरे गाले में ले जाया जा रहा था। उस वक्त ये हादसा हुआ था।

फोरक्लिप पर लदी मशीन को आगे से रविन्द्र कन्नौजिया (२५) नाम के श्रमिक ने सहारे से थाम रखा था। फोरक्लिप मशीन को लादे हुए ६६ केवीए रोड से मंजिल की ओर बढ़ रही थी। अचानक रोड के गड्ढे से उलझ फोरक्लिप डगमगाई। मशीन को थामे श्रमिक को संभलने का भी मौका नहीं मिला। मशीन सीधे श्रमिक के ऊपर गिर गई। श्रमिक मशीन के नीचे ही दबा रहा। जब तक उसे निकालने की कोशिश होती श्रमिक के प्राण पखेरू उड़ चले थे।

खबर पाकर पिपरिया पुलिस चौकी के इंचार्ज पीएसआई सोनू दुबे दनदनाते हुए मौके पर पहुँचे। फौरन श्रमिक को सिविल हॉस्पिटल पहुँचवाया। हॉस्पिटल में चिकित्सकों ने श्रमिक रविन्द्र कन्नौजिया (मूल गाजीपुर) को मृत घोषित कर दिया। लियो प्लास्टिक प्रोडक्ट्स के मैनेजर का कहना था कि यह आकस्मिक हादसा है। हमें पीड़ित परिवार से पूरी हमदर्दी है।

श्रमिक रविन्द्र कन्नौजिया एक वर्ष से कॉन्ट्रेक्ट लेबर के रूप में हमारी फैक्ट्री में काम कर रहा था। हम मृत श्रमिक को कानूनन सभी मुआवजा देंगे। उधर, पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर मृत श्रमिक के परिचितों की भीड़ लगी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *